नवरात्र के मौके पर प्रयागराज के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्राचीन मां कल्याणी देवी मंदिर में सोमवार सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर में मंगला आरती, महारुद्राभिषेक और दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। पंडित संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में 11 ब्राह्मण शतचंडी महायज्ञ करा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने गर्भगृह में सेल्फी लेने पर स्थायी प्रतिबंध लगाया है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर कल्याणी देवी के साथ अलोपी देवी और ललिता देवी मंदिरों में पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवान तैनात किए गए हैं। भीड़ की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से की जा रही है।

नवरात्र पर प्रयागराज के मां कल्याणी देवी मंदिर में सजा माता का दरबार, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु।
