न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 7 ओवर में 14 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए। फिलहाल ईशान किशन और अक्षर पटेल क्रीज पर मौजूद हैं।
मैच के पहले ही ओवर में भारतीय टीम को तीन बड़े झटके लगे। न्यूजीलैंड के गेंदबाज मैट हेनरी ने पहले ओवर की पहली गेंद पर रोहित शर्मा को आउट किया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर विराट कोहली पवेलियन लौट गए, जबकि ओवर की आखिरी यानी छठी गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर भी बिना खाता खोले आउट हो गए।
वनडे क्रिकेट के 52 साल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब भारतीय टीम ने पारी के पहले ही ओवर में अपने तीन विकेट गंवा दिए।
पहले ओवर में 4 विकेट गंवाने का रिकॉर्ड बांग्लादेश के नाम
वनडे क्रिकेट में पहले ओवर के दौरान सबसे ज्यादा चार विकेट गंवाने का रिकॉर्ड बांग्लादेश के नाम है। 2003 वनडे वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेश ने पहले ही ओवर में चार विकेट गंवा दिए थे। उस समय एक ओवर के बाद टीम का स्कोर 5 रन पर 4 विकेट था। श्रीलंका की ओर से चामिंडा वास ने यह ओवर किया था।

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में पहले ओवर में भारत ने गंवाए तीन विकेट।
