छठ पूजा और शादी-विवाह के सीजन के बीच हवाई यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। त्योहारों के दौरान घर जाने और शादी समारोहों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं। इसी बीच हवाई टिकटों की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) का दावा है कि पिछले 15 दिनों में कई रूटों पर हवाई किराया 50 फीसदी तक बढ़ गया है। इस मामले को लेकर संगठन ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
दिल्ली से पटना और दरभंगा का किराया 20 हजार तक
CTI के सर्वे के अनुसार, दिल्ली से पटना का हवाई किराया करीब 18 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली से दरभंगा जाने के लिए यात्रियों को लगभग 20 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
इसके अलावा दिल्ली से मुंबई का किराया करीब 15 हजार रुपये और बेंगलुरु का किराया 16 से 18 हजार रुपये तक बताया गया है। अहमदाबाद के लिए टिकट करीब 11 हजार रुपये और हैदराबाद के लिए 11 से 15 हजार रुपये तक पहुंचने का दावा किया गया है।
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि कुछ दिन पहले तक इन रूटों पर टिकट मौजूदा कीमतों से लगभग आधे दाम पर उपलब्ध थे। उनके मुताबिक, किराये में इस बढ़ोतरी से मध्यम वर्ग और आम यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
CTI ने सरकार के सामने रखीं पांच मांगें
हवाई टिकटों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए CTI ने सरकार से पांच प्रमुख मांगें की हैं।
- एयरलाइंस द्वारा मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर रोक लगाई जाए।
- प्रत्येक हवाई रूट के लिए अधिकतम किराया निर्धारित किया जाए।
- उड़ान की दूरी के आधार पर किराया तय करने का पारदर्शी फॉर्मूला बनाया जाए।
- दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूटों पर उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाए।
- यात्रियों को अधिक विकल्प देने और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए 2-3 नई एयरलाइंस शुरू की जाएं।
अब देखना होगा कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय इस मांग पर क्या कदम उठाता है और त्योहारों के सीजन में यात्रियों को हवाई किराये से कितनी राहत मिलती है।

त्योहार और शादी के सीजन में हवाई किराये में बढ़ोतरी का मुद्दा उठा रही CTI।
