प्रयागराज। SIR को लेकर चुनावी पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों पर छिड़ी बहस के बीच शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रयागराज में भी विरोध की आवाज बुलंद हुई। पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को रद्द करने की मांग उठाकर चुनाव आयोग की जवाबदेही का सवाल सामने रखा। प्रदर्शनकारियों ने EVM के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने पर जोर देते हुए कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित होना चाहिए और कोई भी योग्य मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान वितरित पर्चों में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की आशंकाओं, चुनाव आयोग की जवाबदेही और वर्ष 2023 में लागू चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी कानून को निरस्त करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा, नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया सरल बनाने पर जोर दिया गया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा।

प्रयागराज के पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर SIR के विरोध में दिशा छात्र संगठन का प्रदर्शन, पोस्टर और नारों के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग उठाते प्रदर्शनकारी।
