Table of Contents
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को प्रयागराज में कसारी-मसारी क्षेत्र का नाम बदलकर ‘श्रीकृष्ण पुरी’ करने की घोषणा की। इसी इलाके में माफिया अतीक अहमद और उसके सहयोगियों के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीब परिवारों के लिए आवास बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की इस योजना के तहत 14 मंजिला इमारत बनाई जाएगी, जिसमें कुल 602 फ्लैट होंगे। प्रत्येक फ्लैट में दो बेडरूम, हॉल और किचन की सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों के लिए आवास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पहले प्रयागराज में माफिया का खौफ था और जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आती थीं। अब ऐसी जमीनों का इस्तेमाल गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित माहौल देना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

प्रयागराज में सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया संबोधन, विकास योजनाओं और माफिया के खिलाफ कार्रवाई पर रखी बात।
