Home » एसआरएन अस्पताल के लेबर रूम के बाहर खुले गड्ढे बने खतरा, मरीजों की सुरक्षा पर सवाल

एसआरएन अस्पताल के लेबर रूम के बाहर खुले गड्ढे बने खतरा, मरीजों की सुरक्षा पर सवाल

प्रसूति विभाग के सामने बिना घेराबंदी के खोदे गए हैं दो गहरे गड्ढे, रात में अंधेरा होने से गर्भवती महिलाओं और तीमारदारों के लिए बढ़ा जोखिम

0 comments
एसआरएन अस्पताल के लेबर रूम के बाहर खुले गड्ढे बने खतरा, मरीजों की सुरक्षा पर सवाल

प्रयागराज। शहर के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति विभाग के लेबर रूम के सामने खोदे गए दो गहरे गड्ढे मरीजों और उनके परिजनों के लिए खतरा बने हुए हैं। इन गड्ढों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।

प्रसूति विभाग में रोजाना करीब 30 से 40 महिलाएं प्रसव के लिए पहुंचती हैं। उनके साथ परिजन और बच्चे भी अस्पताल आते हैं। लेबर रूम के सामने बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई लोग गड्ढों के आसपास ही बैठने को मजबूर हैं। ऐसे में वहां से गुजरते समय किसी के गड्ढे में गिरने का खतरा बना रहता है।

रात में बढ़ जाती है परेशानी

दिन के मुकाबले रात में यहां स्थिति और जोखिम भरी हो जाती है। गड्ढों की घेराबंदी नहीं होने के साथ ही परिसर में पर्याप्त रोशनी भी नहीं है। इससे मरीजों और तीमारदारों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

भवन में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित

जानकारी के मुताबिक, स्त्री एवं प्रसूति विभाग की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य के चलते भवन की बिजली काट दी गई है। फिलहाल लेबर रूम की ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था के सहारे काम चल रहा है, जबकि भवन के बाकी हिस्सों में अंधेरा रहता है।

वहीं, वार्ड में सुरक्षा गार्ड की तैनाती होने के बावजूद लेबर रूम के बाहर खुले पड़े गड्ढों और रोशनी की कमी से मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ऐसे में गड्ढों की घेराबंदी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करना जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में लेबर रूम के बाहर खुला गहरा गड्ढा

प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में लेबर रूम के बाहर खुला गड्ढा मरीजों और तीमारदारों के लिए खतरा बना हुआ है।

You may also like

Leave a Comment