Table of Contents
प्रयागराज में आयोजित हुई 41वीं इंदिरा मैराथन
प्रयागराज में आयोजित 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 42.195 किलोमीटर की इस फुल मैराथन में सेना के धावक प्रदीप सिंह चौधरी लगातार दूसरी बार पुरुष वर्ग के विजेता बने। उन्होंने अपनी शानदार दौड़ और दमदार प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग में राज तिवारी दूसरे, निखिल सिंह तीसरे स्थान पर
पुरुष वर्ग में उत्तराखंड के गढ़वाल निवासी और सेना में हवलदार प्रदीप सिंह चौधरी ने पहला स्थान हासिल किया। वह पुणे स्थित आर्मी स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रशिक्षु हैं।
वहीं मुंबई के राज तिवारी दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मुंबई के ही धावक निखिल सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग में नीतू सिंह ने हासिल किया पहला स्थान
महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की हेड कांस्टेबल नीतू सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। नीतू सिंह प्रयागराज के कर्नलगंज की रहने वाली हैं।
वहीं बलिया की संध्या यादव दूसरे और हरियाणा की अनु यादव तीसरे स्थान पर रहीं। अनु यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं और मेरठ में तैनात हैं।
आनंद भवन से हुई मैराथन की शुरुआत
42.195 किलोमीटर लंबी इस मैराथन का शुभारंभ बुधवार सुबह आनंद भवन के सामने से किया गया। मंडलायुक्त लोकेश एम और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया।
देशभर से आए धावकों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस आयोजन ने प्रयागराज की खेल परंपरा और लंबी दूरी की दौड़ के प्रति खिलाड़ियों के जुनून को प्रदर्शित किया।

41वीं इंदिरा मैराथन के पुरुष वर्ग के विजेता धावक।
