Table of Contents
मुंबई: स्पाइसजेट की उड़ानों में लगातार दूसरे दिन अव्यवस्था देखने को मिली। मंगलवार शाम मुंबई एयरपोर्ट पर एयरलाइन की कई फ्लाइट्स में देरी हुई। शाम 7 बजे के बाद कोई भी फ्लाइट रवाना नहीं हुई। इसके चलते सैकड़ों यात्रियों को करीब 9 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, कुछ उड़ानों ने बुधवार सुबह करीब 4 बजे उड़ान भरी।
यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की ओर से देरी की वजह और फ्लाइट के नए समय की सही जानकारी नहीं दी गई। इससे नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर पर हंगामा और नारेबाजी की। वहीं, स्पाइसजेट ने प्रभावित यात्रियों को रिफंड देने की पेशकश की है। कंपनी ने सात दिनों के भीतर राशि खाते में भेजने का आश्वासन दिया है।
एक दिन पहले भी यात्रियों को टर्मिनल में नहीं मिली थी एंट्री
इससे पहले सोमवार को मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर भी स्पाइसजेट की उड़ानों को लेकर परेशानी हुई थी। यात्रियों ने आरोप लगाया था कि उन्हें टर्मिनल में प्रवेश नहीं दिया गया और फ्लाइट की स्थिति के बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली।
लगातार दूसरे दिन अव्यवस्था के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी थी। इससे पहले 13 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट ने भी स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी और रद्द होने की आशंका को लेकर एडवाइजरी जारी की थी।
सितंबर में 20% से ज्यादा उड़ानें हुई थीं रद्द
DGCA के सितंबर के आंकड़ों के मुताबिक, स्पाइसजेट की 20% से ज्यादा निर्धारित उड़ानें रद्द हुई थीं। वहीं, एयरलाइन की समय पर उड़ान भरने की दर केवल 16.6% रही।
इस दौरान करीब 36 हजार यात्रियों को दो घंटे से ज्यादा की देरी का सामना करना पड़ा, जबकि 21,700 यात्री उड़ानें रद्द होने से प्रभावित हुए। रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पाइसजेट के बेड़े में अब केवल 12 से 13 विमान बचे हैं। इसका असर कंपनी के कारोबार पर भी पड़ा है। सितंबर में घरेलू विमानन बाजार में एयरलाइन की हिस्सेदारी घटकर 0.6% रह गई।
दुबई की कंपनी का 35.8 करोड़ रुपये बकाया
स्पाइसजेट की परिचालन संबंधी परेशानियों के बीच कंपनी पर आर्थिक दबाव की खबरें भी सामने आई हैं। पिछले सप्ताह बकाया भुगतान नहीं मिलने के कारण दुबई की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनाटा (Dnata) ने चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पाइसजेट पर डीएनाटा का करीब 35.8 करोड़ रुपये बकाया था। इसके चलते दुबई से आने-जाने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।
लगातार उड़ानों में देरी और रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। वहीं, मुंबई एयरपोर्ट की ताजा घटना को लेकर स्पाइसजेट की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी के चलते यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
