Table of Contents
प्रयागराज के सिविल लाइंस बस अड्डे की तस्वीर आने वाले समय में बदलने वाली है। यहां करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस पोर्ट और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तैयार किया जा रहा है। इसे एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जहां यात्रियों को बस पकड़ने के साथ शॉपिंग, खानपान और मनोरंजन की सुविधाएं भी मिलेंगी।
18 और 10 मंजिल के बनेंगे दो टावर
करीब चार एकड़ जमीन पर विकसित हो रहे इस प्रोजेक्ट का नाम ओमेक्स सेंटर प्वाइंट प्रयागराज रखा गया है। इसमें 18 और 10 मंजिल के दो टावर बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा बस टर्मिनल भी अलग से तैयार होगा।
होटल से लेकर मल्टीप्लेक्स तक की सुविधा
इस आधुनिक बस पोर्ट में 664 कमरों का होटल, तीन स्क्रीन वाला मल्टीप्लेक्स, दुकानें, रेस्टोरेंट और पार्किंग की सुविधा होगी। यानी यात्रियों को एक ही परिसर में सफर, खरीदारी और मनोरंजन का विकल्प मिलेगा।
मई 2028 तक शुरू हो सकता है बस टर्मिनल
ओमेक्स कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट तरुण श्रीवास्तव के मुताबिक, परियोजना की निर्माण लागत करीब 400 करोड़ रुपये है। बस टर्मिनल को मई 2028 तक यात्रियों के लिए शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, कमर्शियल बिल्डिंग को पूरी तरह तैयार होने में इसके बाद करीब दो साल और लग सकते हैं।
एक हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
इस परियोजना से प्रयागराज में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। प्रोजेक्ट के पूरा होने पर एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।
