Home » जोशीमठ में हेलीकॉप्टर हादसा, 4 लोगों की मौत; पायलट समेत 6 थे सवार, सेना ने संभाला रेस्क्यू अभियान

जोशीमठ में हेलीकॉप्टर हादसा, 4 लोगों की मौत; पायलट समेत 6 थे सवार, सेना ने संभाला रेस्क्यू अभियान

बदरीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल, सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर लगाई गई रोक।

0 comments

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ के पास चाई गांव क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे।

चट्टानी इलाके में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच यह दुर्घटना हुई। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का बताया गया है। इसमें एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। सभी यात्री बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

सेना ने संभाली रेस्क्यू की कमान

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद सेना ने भी राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाल ली। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे की खबर से जुड़ी हेलीकॉप्टर की तस्वीर और दुर्घटना स्थल का दृश्य

उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलीकॉप्टर क्रैश हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान जारी।

एहतियात के तौर पर मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि चाई गांव, जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।  मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। साथ ही गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों के नाम

उपलब्ध जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में सवार लोगों के नाम इस प्रकार हैं:

  • कैप्टन हिमांशु (पायलट)
  • प्रथापा
  • अरुण
  • शंकर गौड़ा
  • सुधीर के
  • एसएस नटराजा

खराब मौसम के बीच भी जारी थीं उड़ानें

रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को मौसम खराब होने के बावजूद बदरीनाथ से देहरादून के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं जारी थीं। दोपहर 1:05 बजे एक हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और सुरक्षित देहरादून पहुंच गया। इसके बाद 1:12 बजे रवाना हुआ दूसरा हेलीकॉप्टर लापता हो गया। बाद में इस हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी सामने आई। घटना के बाद संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच में जुटी हैं।

You may also like

Leave a Comment